Press Release: बालवीर हकीकत राय बलिदान दिवस समारोह संपन्न, दिल्ली प्रदेश द्वारा हुए इस आयोजन की सभी ने भूरि भूरि प्रशंसा की

14 फ़रवरी, 2024 

बसंत पंचमी के दिन हिन्दू महासभा भवन, मंदिर मार्ग पर आज बालवीर हकीकत राय बलिदान दिवस मनाया गया। यहाँ देश भर के कोने - कोने से पधारे हिन्दू महासभाईयों ने अद्वितीय, अनुपम बलिदानी धर्मवीर हकीकत राय को श्रद्धासुमन अर्पित किया।

बता दें कि इस बलिदान दिवस के आयोजन के लिए दिल्ली प्रदेश के हिन्दू महासभाई रात दिन एक किये हुए थे। बलिदान दिवस में हकीकत राय के जीवन के भिन्न पहलुओं को याद करने के साथ साथ, अखिल भारत हिन्दू महासभा ने हिन्दू वीरों का सम्मान एवं बाल प्रतिभा खोज समारोह का आयोजन भी किया था। इस आयोजन में दिल्ली के आसपास के कई विद्यालयों के छात्रों ने अलग अलग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देते हुए दर्शकों का मन मोह लिया। स्वस्ति वाचन, शिव तांडव श्रोत्रं, हनुमान चालीसा, महाभारत के द्रौपदी चीरहरण प्रसंग का मंचन करने के साथ साथ मेधावी विद्यार्थियों ने कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों का अद्भुत मंचन किया। भावविभोर होकर दर्शक देर तक तालियां बजाते रहे।  

कार्यक्रम की शुरुआत में हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुन्ना कुमार शर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री सुनील कुमार, राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री वीरेश त्यागी, दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष अशोक कुमार, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. जनार्दन  उपाध्याय, राघव मिश्रा, राष्ट्रीय मंत्री अनिल पवार, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष संजीव राणा, उत्तर प्रदेश हिन्दू महासभा के उपाध्यक्ष डॉ. आर.पी. सिंह, एवं तमिलनाडु, हरियाणा और देश के बाक़ी हिस्सों से पधारे पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरूआत की। तत्पश्चात दिल्ली प्रदेश के महामंत्री एवं राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री वीरेश त्यागी जी ने हकीकत राय के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला। 

इसके पश्चात गुरुकुलम, श्री गीता विद्या मंदिर, शास्त्री नगर के विद्यार्थियों ने स्वस्ति वाचन की। फिर एक एक करके हरकोर्ट बटलर स्कूल - दिल्ली, बेबी पब्लिक स्कूल - भंगेल, नोएडा, न्यू एज पब्लिक स्कूल - विकास नगर, दिल्ली, बेबी स्कूल - शाहपुर, बेबी पब्लिक स्कूल - गेझा, नोएडा आदि के बच्चों ने एक से बढ़कर एक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।

इसके पश्चात राष्ट्रीय अध्यक्ष मुन्ना कुमार शर्मा ने हिन्दू वीर हकीकत राय के माध्यम से बच्चों को हिंदुत्व की अवधारणा के प्रति अडिग रहने का आवाहन किया। साथ ही उन्होंने हिन्दू माता पिताओं से 2 से अधिक बच्चे पैदा करने पर ज़ोर देते हुए, हिन्दुओं के बहुसंख्यक बने रहने की आवश्यकता पर बल दिया। दिल्ली प्रदेश के कार्यालय मंत्री अनिल कान्त भटनागर ने कार्यक्रम से सम्बंधित तमाम व्यवस्थाओं पर सजगता बरतते हुए पार्किंग, बैठने आदि की व्यवस्था एवं भोजन प्रसाद वितरण सुनिश्चित कराया। इसके साथ साथ तमाम हिन्दू महासभाईयों को विशेष मेडल और भगवा शॉल देकर सम्मानित किया।  

राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने इस अवसर पर संयुक्त रूप से कहा कि अगर आज हम मंदिर में पूजा कर पा रहे हैं, तो वह बालवीर हकीकत राय जैसे बलिदानियों की वजह से ही संभव हो सका है, जिन्होंने मात्र 14 वर्ष की आयु में मुस्लिम आक्रांताओं के सामने झुकने से इंकार कर दिया था। आइये, हम सभी देशवासी मिलकर इस बलिदान को याद करें। इसके साथ ही राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने हिन्दू महासभा की दिल्ली इकाई द्वारा किये इस आयोजन पर संतोष जताते हुए सफल कार्यक्रम आयोजन के लिए भूरि भूरि प्रशंसा की।


वीरेश त्यागी
दिल्ली प्रदेश महामंत्री एवं  राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री




Previous Post Next Post